राजनांदगांव,। भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुक्रवार को गौरव पथ स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में प्रोफेशनल मीट एवं प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, महापौर मधुसूदन यादव समेत कई प्रमुख लोग शामिल हुए।
मुख्य वक्ता डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में भारत ने अद्भुत विकास किया है और अब देश विकासशील से विकसित राष्ट्र की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार की तुलना में मोदी सरकार की पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुखता से रखा।
सांसद संतोष पांडे ने भारत की सांस्कृतिक पुनरुत्थान की दिशा में मोदी सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारत अब वैश्विक स्तर पर तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
महापौर मधुसूदन यादव ने डबल इंजन सरकार की योजनाओं जैसे महतारी वंदन, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना आदि से गरीबों, महिलाओं और किसानों को हो रहे लाभों पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रोफेशनल, प्रबुद्धजन और वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजन में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि मौजूद थे।